66 इंजीनियरों का विभाग का बड़ा फेरबदल, कई नगर निगम और नगर पंचायतों में नई पदस्थापना

0


रायपुर, 11 जुलाई।

छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने शनिवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए राज्यभर के 66 अभियंताओं के तबादले के आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के अनुसार कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता और उप अभियंताओं को तत्काल प्रभाव से नई पदस्थापना दी गई है। सभी अधिकारियों को सात दिनों के भीतर नए पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
तबादला सूची में कार्यपालन अभियंता संजय अग्रवाल को नगर पालिक निगम भिलाई से नगर पालिक निगम जगदलपुर, सहायक अभियंता अमर चौहान को नगर पालिक निगम बिलासपुर से नगर पालिक निगम जगदलपुर तथा सहायक अभियंता डी.आर. साहू को नगर पालिका परिषद बेमेतरा से नगर पालिका परिषद कुम्हारी भेजा गया है। वहीं भूमिका शास्त्री को पत्थलगांव से बोदरी, गौरव कुमार अग्रवाल को विश्रामपुर से पत्थलगांव, अंतर आलम अंसारी को संयुक्त संचालक कार्यालय अंबिकापुर से नगर पंचायत विश्रामपुर तथा अशीमा विश्वास को नगर पालिका परिषद जशपुरनगर से संयुक्त संचालक कार्यालय अंबिकापुर पदस्थ किया गया है।
इसके अलावा प्रदेश के रायपुर, भिलाई, बिलासपुर, राजनांदगांव, जगदलपुर, दुर्ग, बीरगांव, रिसाली, अंबिकापुर सहित अनेक नगर निगमों तथा विभिन्न नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों में पदस्थ उप अभियंताओं का भी व्यापक स्तर पर स्थानांतरण किया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी स्थानांतरित अधिकारी निर्धारित समय सीमा के भीतर नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करेंगे। समय पर कार्यभार ग्रहण नहीं करने पर वर्तमान पदस्थापना से वेतन आहरित नहीं होगा तथा संबंधित नियंत्रण अधिकारी के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश उप सचिव भागवत जायसवाल के हस्ताक्षर से जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *