केके रोड मौदहापारा अब ‘कृष्ण कुमार शर्मा मार्ग’ के नाम से जाना जाएगा
विधायक सुनील सोनी ने किया नामकरण पट्टिका का अनावरण
रायपुर।
राजधानी रायपुर के प्रमुख मार्ग केके रोड (मौदहापारा) को अब ‘कृष्ण कुमार शर्मा मार्ग’ के नाम से जाना जाएगा। जयस्तंभ चौक से फाफाडीह चौक तक के इस मार्ग पर सोमवार को रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़, ब्राम्हणपारा वार्ड पार्षद अजय साहू तथा स्वर्गीय कृष्ण कुमार शर्मा के परिजनों की उपस्थिति में नामकरण पट्टिका का अनावरण किया।
बताया गया कि सनातन धर्म के सेवक रहे स्वर्गीय कृष्ण कुमार शर्मा के परिवारजनों ने कुछ दिन पहले विधायक सुनील सोनी से मुलाकात कर इस मार्ग पर उनके नाम की आधिकारिक नामपट्टिका लगाने का अनुरोध किया था। विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़ से चर्चा की और निगम के जोन-2 अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद निगम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जयस्तंभ चौक स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा के सामने तथा फाफाडीह स्थित बीएसएनएल टेलीफोन एक्सचेंज के सामने मार्ग पर ‘कृष्ण कुमार शर्मा मार्ग’ की नामकरण पट्टिकाएं स्थापित कराईं।
अनावरण समारोह में विधायक सुनील सोनी ने कहा कि शहर के उन व्यक्तित्वों को सम्मान देना आवश्यक है, जिन्होंने समाज और सनातन धर्म की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय कृष्ण कुमार शर्मा की स्मृति में इस मार्ग का नामकरण उनके सामाजिक योगदान का सम्मान है।
इस अवसर पर विधायक ने स्वर्गीय कृष्ण कुमार शर्मा के भतीजे अशोक शर्मा को श्रीफल और शाल भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता कृष्ण कुमार अवधिया, आकाश पांडेय, चांदनी देवांगन, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष नीतू शर्मा, नगर निगम जोन-2 के जोन आयुक्त संतोष पांडेय, कार्यपालन अभियंता पी.डी. धृतलहरे सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं परिजन मौजूद रहे।
इस पहल के बाद अब जयस्तंभ चौक से फाफाडीह चौक तक का मार्ग आधिकारिक रूप से ‘कृष्ण कुमार शर्मा मार्ग’ के नाम से पहचाना जाएगा, जिससे शहर के नागरिकों को भी मार्ग की नई पहचान मिलेगी।
