दल्लीराजहरा में भीषण सड़क हादसा: इंजीनियरिंग छात्रा की दर्दनाक मौत, पांच घायल
बुआ की शादी से लौटते समय अनियंत्रित हुई कार बिजली के खंभे से टकराई, पुलिस जांच में जुटी
दल्लीराजहरा/बालोद। बालोद जिले के दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में 21 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्रा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार में सवार पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दल्लीराजहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उपचार शुरू कराया। सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान शारदा पाटिल (21) निवासी बंधियापारा, डौंडी नगर के रूप में हुई है। वह बिलासपुर में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थी और अपनी बुआ की शादी में शामिल होने के लिए घर आई हुई थी।
जानकारी के मुताबिक, रंजीत सिंह पाटिल अपने परिवार के साथ चिपरा गांव में आयोजित चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी लोग स्विफ्ट कार (क्रमांक CG-07 BM-1040) से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में हिंदू होटल के पास कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा भिड़ी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में शारदा पाटिल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि कार में सवार पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर घायलों को वाहन से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दल्लीराजहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
इस हृदयविदारक हादसे से बंधियापारा सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। जिस परिवार में शादी की खुशियां थीं, वहां अचानक मातम पसर गया। एक होनहार इंजीनियरिंग छात्रा की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।
