मोबाइल गेम की लत बनी जानलेवा, सांप के दो बार डंसने का भी नहीं चला अहसास, 15 वर्षीय किशोर की मौत
PUBG और Free Fire खेलते-खेलते हुआ हादसा, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
शिवरीनारायण।
मोबाइल गेम की लत किस हद तक खतरनाक साबित हो सकती है, इसका दर्दनाक उदाहरण जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के ग्राम पनगांव में सामने आया है। यहां ऑनलाइन गेम खेलने में पूरी तरह डूबे एक 15 वर्षीय किशोर की सांप के डंसने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि किशोर को दो बार सांप ने काटा, लेकिन वह मोबाइल गेम में इतना मशगूल था कि उसे इसका अहसास तक नहीं हुआ।
मृतक की पहचान प्रकाश यादव (15 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, प्रकाश घर के पास बैठकर अपने मोबाइल में PUBG और Free Fire जैसे ऑनलाइन गेम खेल रहा था। इसी दौरान एक जहरीले सांप ने उसे दो बार डंस लिया। गेम में तल्लीन होने के कारण उसने न तो दर्द पर ध्यान दिया और न ही किसी को इसकी जानकारी दी।
कुछ देर बाद अचानक प्रकाश के मुंह से झाग निकलने लगा और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजन घबराकर उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सांप के काटने की जानकारी मिल जाती, तो संभवतः उसकी जान बचाई जा सकती थी।
पुलिस ने मामले की जानकारी मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि सांप के काटने पर तुरंत उपचार मिलने से अधिकांश मामलों में जान बचाई जा सकती है, इसलिए ऐसी स्थिति में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए।
यह घटना अभिभावकों के लिए भी एक गंभीर चेतावनी है। विशेषज्ञों का मानना है कि बच्चों में मोबाइल और ऑनलाइन गेम की बढ़ती लत उनके मानसिक, शारीरिक और सामाजिक जीवन पर नकारात्मक प्रभाव डाल रही है। ऐसे में माता-पिता को बच्चों की मोबाइल गतिविधियों, स्क्रीन टाइम और व्यवहार पर नियमित निगरानी रखनी चाहिए, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।
