हर घर तक सुरक्षित पेयजल पहुंचाने पर सरकार का फोकस, मुख्य सचिव ने कलेक्टरों को दिए सख्त निर्देश

0


31 अगस्त तक पूरी योजनाओं का भौतिक सत्यापन, 31 दिसंबर तक अधूरे कार्य हर हाल में पूरे करने के निर्देश


रायपुर।

छत्तीसगढ़ में हर घर तक सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचाने के लक्ष्य को लेकर राज्य सरकार ने जल जीवन मिशन की रफ्तार तेज कर दी है। मुख्य सचिव श्री विकासशील ने गुरुवार को मंत्रालय महानदी भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के कलेक्टरों के साथ मिशन की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक जिले में मिशन मोड में कार्य कर समयसीमा के भीतर सभी योजनाएं पूरी की जाएं।
मुख्य सचिव ने कहा कि वर्ष 2019 में शुरू किए गए जल जीवन मिशन का उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है। इससे महिलाओं को पानी लाने की परेशानी से राहत मिलेगी, जलजनित बीमारियों में कमी आएगी और ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन को भी बढ़ावा मिलेगा।
31 अगस्त तक सत्यापन, 31 दिसंबर तक अधूरे काम पूरे
बैठक में पूर्ण एवं हस्तांतरित योजनाओं के भुगतान की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि जिन योजनाओं का कार्य पूरा हो चुका है उनका 31 अगस्त 2026 तक शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन कर भुगतान सुनिश्चित किया जाए। वहीं जिन योजनाओं का कार्य अधूरा है, उन्हें 31 दिसंबर 2026 तक हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने कार्य में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।
जलस्रोत संरक्षण और वैकल्पिक स्रोतों पर जोर
मुख्य सचिव ने कलेक्टरों से कहा कि जिलेवार जलस्रोतों का आकलन कर नए स्रोतों की पहचान की जाए। साथ ही जलस्रोतों के संरक्षण, रिचार्ज व्यवस्था विकसित करने और प्रत्येक स्रोत के संरक्षण की कार्ययोजना तैयार की जाए। जहां वर्तमान जलस्रोतों से पेयजल उपलब्ध कराना संभव नहीं है, वहां वैकल्पिक स्रोत विकसित कर शीघ्र कार्य शुरू किया जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिला खनिज न्यास (डीएमएफ), सांसद एवं विधायक निधि, सीएसआर तथा अन्य उपलब्ध वित्तीय स्रोतों का समन्वित उपयोग कर योजनाओं को समय पर पूरा किया जाए। निर्माण कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए रनिंग बिलों का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
हर गांव में शत-प्रतिशत नल जल कवरेज का लक्ष्य
मुख्य सचिव ने प्रत्येक जिले को गांवों को इकाई मानकर हर घर जल का नया लक्ष्य निर्धारित करने, जिला जल एवं स्वच्छता समिति की नियमित मासिक बैठक आयोजित करने तथा उसकी कार्यवाही समय पर विभागीय पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन की नियमित मॉनिटरिंग, बेहतर योजना और प्रभावी समन्वय से ही राज्य के प्रत्येक परिवार तक समयबद्ध तरीके से सुरक्षित पेयजल पहुंचाया जा सकेगा।
बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव मोहम्मद कैसर अब्दुल हक, सभी जिलों के कलेक्टर और विभागीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed