भूमि अधिग्रहण का विरोध हिंसक, ग्रामीणों के पथराव में डीएसपी समेत दो दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी घायल
महिला पुलिसकर्मी भी घायल, पांच जिलों की पुलिस तैनात; पूरे इलाके को बनाया गया पुलिस छावनी
अंबिकापुर/सूरजपुर। सूरजपुर जिले के प्रतापपुर क्षेत्र के मदननगर-धरमपुर इलाके में भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई के दौरान शुक्रवार को हालात उस समय बेकाबू हो गए, जब विरोध कर रहे ग्रामीणों और पुलिस के बीच तीखा टकराव हो गया। विरोध प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर जमकर पथराव कर दिया, जिसमें डीएसपी समेत दो दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों में कई महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य का प्राथमिक उपचार किया गया। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, प्रशासन भूमि अधिग्रहण और सर्वे की कार्रवाई के लिए मदननगर-धरमपुर क्षेत्र पहुंचा था। इसी दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र होकर कार्रवाई का विरोध करने लगे। देखते ही देखते विरोध उग्र हो गया और ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले में कई पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त होने की सूचना है।
घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पांच जिलों की पुलिस फोर्स मौके पर तैनात कर दी गई है। पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है और अतिरिक्त सुरक्षा बल लगातार गश्त कर रहे हैं।
भूमि अधिग्रहण और सर्वे को लेकर पिछले कुछ समय से ग्रामीणों और प्रशासन के बीच विवाद बना हुआ है। ग्रामीण अपनी जमीन के अधिग्रहण का विरोध कर रहे हैं, जबकि प्रशासन नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कह रहा है।
फिलहाल तनाव के बीच भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई रोक दी गई है। प्रशासन स्थिति को सामान्य बनाने और ग्रामीणों से संवाद स्थापित करने का प्रयास कर रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। घायल पुलिसकर्मियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
