शिक्षक भर्ती की सौगात, 70 सहायक शिक्षक पदों पर होगी सीधी भर्ती
व्यापमं के माध्यम से होगी भर्ती, डी.एल.एड. और टीईटी उत्तीर्ण युवाओं में उत्साह
रायपुर।
। छत्तीसगढ़ लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा राज्य की शासकीय शालाओं में सहायक शिक्षक (तृतीय श्रेणी, वेतन मैट्रिक्स लेवल-06) के रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए विस्तृत विज्ञापन जारी कर दिया गया है। भर्ती प्रक्रिया छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) के माध्यम से संपन्न कराई जाएगी।
भर्ती विज्ञापन जारी होते ही बेमेतरा जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं, डी.एल.एड. प्रशिक्षित एवं टीईटी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों में उत्साह का माहौल है। लंबे समय से सरकारी शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं को अब अपने सपनों को साकार करने का अवसर मिलेगा।
जारी विज्ञापन के अनुसार, बेमेतरा जिले में ई-संवर्ग के अंतर्गत कुल 70 सहायक शिक्षक पदों पर योग्य अभ्यर्थियों की नियुक्ति की जाएगी। चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी और व्यापमं द्वारा निर्धारित नियमों एवं पात्रता के आधार पर भर्ती संपन्न कराई जाएगी।
शिक्षा विभाग का मानना है कि इस भर्ती से एक ओर जहां सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर होगी, वहीं दूसरी ओर जिले के योग्य युवाओं को रोजगार का बेहतर अवसर मिलेगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे भर्ती से संबंधित पात्रता, आयु सीमा, आरक्षण, आवेदन प्रक्रिया एवं परीक्षा कार्यक्रम का अध्ययन कर समय सीमा के भीतर आवेदन करें।
यह भर्ती न केवल युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर है, बल्कि बेमेतरा जिले की शासकीय विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
