कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई: 220 बोरी खाद और 365 बैग पोटाश जब्त, हरियाणा निवासी पर कार्रवाई की तैयारी
बेमेतरा।
किसानों के लिए निर्धारित उर्वरकों की अवैध जमाखोरी और कालाबाजारी पर कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में खाद बरामद की है। विभागीय टीम ने छापेमार कार्रवाई के दौरान 220 बोरी खाद और 365 बैग पोटाश खाद अवैध रूप से भंडारित पाए, जिन्हें तत्काल जब्त कर लिया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह उर्वरक बिना वैध दस्तावेजों और नियमों का पालन किए भंडारित किए गए थे। मामले में हरियाणा निवासी एक व्यक्ति की संलिप्तता सामने आई है। कृषि विभाग पूरे प्रकरण की जांच कर रहा है और संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, उर्वरकों की अवैध जमाखोरी किसानों के हितों के खिलाफ है और इससे बाजार में कृत्रिम कमी पैदा होने की आशंका रहती है। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कृषि विभाग ने जब्त सामग्री का पंचनामा तैयार कर लिया है और प्रकरण को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंपने की तैयारी की जा रही है। पुलिस में मामला दर्ज होने के बाद आरोपी के खिलाफ आवश्यक धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।
