कवर्धा में युवाओं का अनोखा प्रदर्शन: प्रधानमंत्री को खून से लिखा पत्र, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
कवर्धा।
नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आ रही अनियमितताओं और आंदोलनरत युवाओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में कवर्धा के युवाओं ने शनिवार को अनोखा प्रदर्शन किया। युवाओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष एकत्र होकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम अपने खून से पत्र लिखकर विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लगातार सामने आ रही परीक्षा संबंधी अनियमितताओं से लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उनका आरोप है कि भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हुए हैं, जिससे युवाओं का परीक्षा प्रणाली पर भरोसा कमजोर हुआ है।
युवाओं ने इस पूरे मामले की नैतिक जिम्मेदारी तय करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। उनका कहना था कि जब तक परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित नहीं की जाती, तब तक देश के युवाओं का विश्वास बहाल नहीं हो सकता।
प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने केंद्र सरकार से परीक्षा व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी बनाने, पेपर लीक जैसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई करने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
युवाओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
