जिले के दो मंदिरों में बड़ी चोरी, लाखों के जेवरात और दान राशि पर हाथ साफ

0


जांजगीर।

जिले में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि अब धार्मिक स्थल भी उनकी नजर से नहीं बच रहे। बीती रात जिले के दो अलग-अलग मंदिरों में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने महंत गांव स्थित देवी मंदिर और बुडेना गांव के बद्री विशाल मंदिर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के अनुसार, सुबह जब मंदिर के पुजारी और ग्रामीण पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे, तब मंदिर के ताले टूटे मिले। अंदर का सामान बिखरा पड़ा था और दानपेटी सहित मंदिर में रखे कीमती आभूषण व अन्य सामान गायब थे। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। प्रारंभिक जांच में दोनों वारदातों के बीच समानता को देखते हुए एक ही गिरोह की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में जुटी है। चोरी की वास्तविक राशि और सामान का आकलन किया जा रहा है। लगातार मंदिरों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं ने क्षेत्र के लोगों में चिंता और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *