बुलेट की ‘पटाखा’ आवाज पड़ी भारी: 136 वाहन चालकों पर कार्रवाई, मॉडिफाइड साइलेंसर वालों पर कसा शिकंजा
जांजगीर।
शहर की सड़कों पर तेज आवाज करने वाली मॉडिफाइड बुलेट और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ जांजगीर यातायात पुलिस ने शनिवार को विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। पूरे दिन चले सघन चेकिंग अभियान में 136 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान दो मॉडिफाइड बुलेट बाइक पर 5-5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया, जबकि तीन नाबालिग वाहन चालक और दो शराब के नशे में वाहन चलाते चालक भी पुलिस की गिरफ्त में आए।
यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त मार्गों पर वाहनों की गहन जांच की। इस दौरान बिना हेलमेट, बिना दस्तावेज, तेज रफ्तार, ट्रिपल राइडिंग और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी सख्ती दिखाई गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर बुलेट से तेज ‘पटाखा’ जैसी आवाज निकालना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे आम नागरिकों, बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों को भी परेशानी होती है। ऐसे वाहनों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
यातायात पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए न दें। वहीं वाहन चालकों को शराब पीकर वाहन न चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई है।
पुलिस का संदेश साफ है— सड़कें स्टंट, रेसिंग और शोर मचाने का मंच नहीं हैं। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
