1 करोड़ का लोन दिलाने का झांसा, 10.87 लाख की ठगी… इंदौर से दबोचा गया शातिर आरोपी

0


यूको बैंक का फर्जी लोन स्वीकृति पत्र बनाकर करता था ठगी, साइबर तकनीक से आरोपी तक पहुंची चांपा पुलिस
जांजगीर-चांपा।

बड़े लोन का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को चांपा पुलिस ने मध्यप्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने यूको बैंक का फर्जी लोन स्वीकृति पत्र तैयार कर पीड़ित को 1 करोड़ रुपये का लोन दिलाने का भरोसा दिलाया और प्रोसेसिंग फीस व अन्य शुल्क के नाम पर 10 लाख 87 हजार रुपये ठग लिए।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने खुद को बैंक और वित्तीय संस्थानों से जुड़ा बताते हुए पीड़ित का विश्वास जीता। इसके बाद यूको बैंक के नाम से फर्जी दस्तावेज और लोन स्वीकृति पत्र भेजकर करोड़ों रुपये का लोन मंजूर होने का दावा किया। अलग-अलग कारण बताकर आरोपी ने किस्तों में लाखों रुपये अपने खातों में जमा करा लिए। जब लोन की राशि नहीं मिली और आरोपी टालमटोल करने लगा, तब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ और उसने चांपा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने साइबर सेल की मदद से बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल ट्रांजेक्शन का विश्लेषण किया। तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की लोकेशन मध्यप्रदेश के इंदौर में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी से ठगी से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज, मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने इसी तरह की वारदात अन्य राज्यों में भी की है या नहीं। साथ ही उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के झांसे में आकर लोन दिलाने के नाम पर अग्रिम राशि जमा न करें। बैंक से संबंधित किसी भी दस्तावेज की आधिकारिक पुष्टि जरूर करें और संदेह होने पर तत्काल पुलिस या साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *