सरपंच के घर वन विभाग की बड़ी दबिश: लाखों की सागौन लकड़ी जब्त, पति पर कार्रवाई

0
IMG_20260805_135320_480


बालोद।

जिले के अंगारी गांव में वन विभाग ने मंगलवार देर शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम सरपंच के आवास पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान घर से लाखों रुपये मूल्य की सागौन लकड़ी के चिरान और गोले बरामद किए गए। मामले में सरपंच के पति अश्विनी डड़सेना के खिलाफ वन विभाग द्वारा वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
बालोद वन मंडल और उड़नदस्ता की संयुक्त टीम ने बालोद वन परिक्षेत्र अंतर्गत अंगारी गांव स्थित सरपंच के घर पर दबिश दी। जांच के दौरान बड़ी मात्रा में सागौन के चिरान और गोले मिले, जिन्हें दो माजदा वाहनों में भरकर वन विभाग के काष्ठागार पहुंचाया गया।
डीएफओ अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि जब्त सागौन की लकड़ी की गणना और मूल्यांकन किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में बड़ी मात्रा में कीमती सागौन मिलने की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि यह पता लगाया जा रहा है कि लकड़ी कहां से लाई गई, किस मिल में उसका चिरान कराया गया और क्या इसके लिए वैध दस्तावेज मौजूद हैं।
वन विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि घर में सागौन से बने फर्नीचर की भी जांच की जाएगी। यदि उनमें प्रयुक्त लकड़ी के संबंध में वैध दस्तावेज नहीं मिले, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *