छत्तीसगढ़ में उपभोक्ता अधिकारों को मिली नई ताकत: राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन पर 20 हजार से ज्यादा शिकायतों का 100% समाधान
सांसद बृजमोहन अग्रवाल बोले— मोदी सरकार की ‘नागरिक प्रथम’ सोच का परिणाम, अब घर बैठे दर्ज हो रही शिकायतें;
ई-कॉमर्स कंपनियों में फ्लिपकार्ट सबसे ज्यादा शिकायतों के घेरे में
रायपुर/नई दिल्ली।
उपभोक्ता अधिकारों की रक्षा के लिए केंद्र सरकार द्वारा संचालित राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन (NCH) और इनग्राम (INGRAM) पोर्टल देशभर में उपभोक्ताओं के लिए प्रभावी और भरोसेमंद मंच बनकर उभरे हैं। छत्तीसगढ़ में भी नागरिक अपने अधिकारों के प्रति तेजी से जागरूक हुए हैं। पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य से 20,231 शिकायतें दर्ज हुईं और सभी शिकायतों का 100 प्रतिशत सफल निवारण किया गया।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘नागरिक प्रथम (Citizen First)’ सोच का परिणाम बताते हुए कहा कि अब आम नागरिकों को न्याय के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। वे टोल-फ्री नंबर 1915, व्हाट्सएप 8800001915, एसएमएस, ई-मेल, एनसीएच ऐप, वेब पोर्टल और उमंग ऐप के माध्यम से घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
तीन वर्षों में लगातार बढ़ा भरोसा
राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन पर देशभर में शिकायतों की संख्या लगातार बढ़ी है। वर्ष 2023-24 में 12.35 लाख शिकायतें दर्ज हुई थीं, जो 2025-26 में बढ़कर 20.48 लाख से अधिक हो गईं। सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि शिकायतों के समाधान का औसत समय 63 दिनों से घटकर केवल 28 दिन रह गया। अब तक हेल्पलाइन के माध्यम से 1.47 लाख से अधिक शिकायतों का समाधान कर उपभोक्ताओं को 91 करोड़ रुपये से अधिक की राशि वापस दिलाई जा चुकी है।
छत्तीसगढ़ में तेजी से बढ़ी जागरूकता
आंकड़ों के अनुसार, छत्तीसगढ़ से वर्ष 2023-24 में 13,734, वर्ष 2024-25 में 14,271 और वर्ष 2025-26 में 20,231 शिकायतें दर्ज हुईं। खास बात यह है कि इन सभी मामलों का सफलतापूर्वक निपटारा किया गया, जिससे उपभोक्ताओं का इस व्यवस्था पर भरोसा और मजबूत हुआ है।
बृजमोहन अग्रवाल की अपील
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि यह मंच आम नागरिकों को बड़ी कंपनियों के खिलाफ भी अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ने की ताकत देता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि यदि किसी भी प्रकार की खरीदारी, सेवा या ऑनलाइन लेन-देन में धोखाधड़ी अथवा समस्या आती है, तो वे बिना संकोच राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन का उपयोग करें।
ई-कॉमर्स कंपनियों पर सबसे ज्यादा शिकायतें
इनग्राम पोर्टल के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025-26 में सबसे अधिक 5,77,748 शिकायतें ई-कॉमर्स क्षेत्र से जुड़ी रहीं। कंपनियों की बात करें तो फ्लिपकार्ट के खिलाफ 1,44,929 शिकायतें दर्ज हुईं, जबकि अमेजन 96,912 शिकायतों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। इसके बाद रिलायंस जियो (59,386), एयरटेल (44,689), स्विगी (36,349), नेटमेड्स (32,104), मीशो (31,151), मिंत्रा (30,083), ओला कैब्स (26,531) और जोमैटो (18,266) के खिलाफ शिकायतें दर्ज की गईं।
बाजार में जवाबदेही बढ़ाने का मजबूत माध्यम
विशेषज्ञों का मानना है कि राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन और इनग्राम पोर्टल ने उपभोक्ताओं को त्वरित न्याय दिलाने के साथ-साथ कंपनियों की जवाबदेही भी तय की है। लगातार बढ़ती शिकायतों के समाधान और कम होते निपटान समय ने यह साबित किया है कि डिजिटल माध्यम से उपभोक्ता संरक्षण की व्यवस्था पहले की तुलना में कहीं अधिक प्रभावी और पारदर्शी हुई है।
