अवैध प्लॉटिंग पर प्रशासन का शिकंजा, शासकीय जमीन पर बनी सड़क और प्लॉटिंग हटाई

0


मंगट्टा क्षेत्र के बिहावबोड़ में करीब 10 एकड़ जमीन पर चल रहा था अवैध प्लॉटिंग का खेल, राजस्व विभाग ने मौके पर पहुंचकर की कार्रवाई
राजनांदगांव। जिले में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में मंगट्टा क्षेत्र के ग्राम बिहावबोड़ में राजस्व विभाग की टीम ने अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बिहावबोड़ में शासकीय भूमिस्वामी खसरा क्रमांक 257, रकबा 2.25 एकड़ भूमि पर लगभग 1 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कर दिया गया था। इसके साथ ही आसपास के करीब 10 एकड़ क्षेत्र में अवैध रूप से प्लॉटिंग किए जाने की गतिविधि सामने आई थी।
अवैध प्लॉटिंग की जानकारी मिलने के बाद जितेन्द्र यादव के निर्देशन में तथा एसडीएम श्री गौतम पाटिल के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने स्थल का निरीक्षण करने के बाद शासकीय भूमि पर किए गए अवैध सड़क निर्माण और प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई की।
प्रशासन की टीम ने मौके पर किए गए अवैध सड़क निर्माण को हटाने के साथ ही प्लॉटिंग की गतिविधियों को भी समाप्त कराया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध रूप से जमीन काटकर बेचने वालों में हड़कंप की स्थिति है।
प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि शासकीय भूमि पर कब्जा कर अथवा नियमों को दरकिनार कर प्लॉटिंग करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई से अवैध प्लॉटिंग करने वालों के साथ-साथ बिना अनुमति जमीन खरीदने वाले लोगों को भी सतर्क रहने का संदेश गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *