राजनांदगांव में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी टक्कर, दो भाई-बहनों की मौत
शिकारीमहका-भोलापुर के बीच नहर के पास हादसा, तीसरी बहन गंभीर; राजनांदगांव रेफर
राजनांदगांव। छुरिया थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो भाई-बहनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा ग्राम शिकारीमहका और भोलापुर के बीच नहर के पास हुआ। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मोटरसाइकिल सवार तीन भाई-बहनों को जोरदार टक्कर मार दी।
पुलिस के अनुसार ग्राम गहिराभेडी निवासी शिवनंदन उर्फ संदीप साहू, डिकेश्वरी साहू और भुपेश्वरी उर्फ भारती साहू मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 08 एच 1896 से छुरिया से अपने गांव गहिराभेडी लौट रहे थे। इसी दौरान शिकारीमहका-भोलापुर के बीच नहर के पास सामने से/पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर जा गिरे। हादसे में शिवनंदन उर्फ संदीप साहू और भुपेश्वरी उर्फ भारती साहू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं डिकेश्वरी साहू गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए राजनांदगांव रेफर किया गया है।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर छुरिया पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने हादसे के संबंध में मामला दर्ज कर दुर्घटना की परिस्थितियों और स्कॉर्पियो चालक के संबंध में जांच शुरू कर दी है।
