अब अफसर करेंगे सुबह-सुबह वार्डों का दौरा, सफाई व्यवस्था की होगी सीधी मॉनिटरिंग
रायपुर नगर निगम ने 14 अधिकारियों की लगाई ड्यूटी, हर माह सभी 10 जोन का भ्रमण करना अनिवार्य
रायपुर।
शहर की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा निगम के विकास कार्यों की जमीनी हकीकत जानने के लिए नगर पालिक निगम रायपुर ने अधिकारियों की मैदानी निगरानी बढ़ा दी है। निगम आयुक्त के आदेश के तहत मुख्यालय में पदस्थ 14 अधिकारियों की प्रातः भ्रमण के लिए ड्यूटी लगाई गई है।
आदेश के मुताबिक अधिकारियों को सप्ताह में कम से कम तीन दिन सुबह 7 बजे वार्डों का भ्रमण करना होगा। इस दौरान अधिकारी वार्डों में सफाई व्यवस्था का प्रत्यक्ष अवलोकन करने के साथ निगम की ओर से संचालित योजनाओं और चल रहे निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण करेंगे।
हर माह सभी 10 जोन का दौरा जरूरी
निगम ने निगरानी व्यवस्था को और सख्त करते हुए प्रत्येक अधिकारी के लिए माह में सभी 10 जोन का भ्रमण अनिवार्य किया है। भ्रमण के बाद अधिकारियों को प्रत्येक माह के अंत में आयुक्त के समक्ष अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।
फोटो भी होंगे साझा
मैदानी निरीक्षण की मॉनिटरिंग के लिए अधिकारियों को भ्रमण के दौरान ली गई तस्वीरें निगम द्वारा बनाए गए रायपुर डिस्ट्रिक्ट अर्बन बॉडीज फील्ड रिपोर्टिंग व्हाट्सऐप ग्रुप में साझा करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे वार्डों की सफाई और निर्माण कार्यों की स्थिति की नियमित निगरानी की जा सकेगी।
इन अधिकारियों की लगी ड्यूटी
प्रातः भ्रमण के लिए अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू, पंकज के शर्मा और विनोद पाण्डेय, प्रभारी मुख्य अभियंता संजय बागड़े और प्रदीप यादव, प्रभारी अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर और मो. इमरान खान, नगर निवेशक आभाष मिश्रा, उपायुक्त जागृति साहू और डॉ. अंजलि शर्मा, निगम सचिव संगीता साहू, प्रभारी कार्यपालन अभियंता आशुतोष सिंह, पदमाकर श्रीवास और अंशुल शर्मा को जिम्मेदारी दी गई है।
नगर निगम का यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
