मिनीमाता बांगो बांध का जलस्तर 94.30% पर पहुंचा, रात में 5 गेट खोले
हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा 26,197 क्यूसेक पानी, 54,115 क्यूसेक दर्ज हुआ इनफ्लो
जांजगीर। मिनीमाता बांगो बांध में लगातार बढ़ रही पानी की आवक को देखते हुए जलप्रवाह को नियंत्रित करने के लिए रात 12 बजे बांध के पांच रेडियल गेट खोले गए। वर्तमान में बांध का जलस्तर 358.71 मीटर दर्ज किया गया है, जो बांध की क्षमता का 94.30 प्रतिशत है।
मुख्य अभियंता बिलासपुर एवं अधीक्षण अभियंता कोरबा से चर्चा और अनुमति के बाद बांध के गेट क्रमांक 4 को 0.50 मीटर, गेट क्रमांक 5 को 0.60 मीटर, गेट क्रमांक 6 को 0.80 मीटर, गेट क्रमांक 7 को 0.60 मीटर तथा गेट क्रमांक 8 को 0.50 मीटर खोला गया है। इस तरह कुल गेट ओपनिंग 3 मीटर रखी गई है।
बांध के रेडियल गेटों से 17,197 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। वहीं हाइडल पावर प्लांट के माध्यम से भी 9,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इस प्रकार मिनीमाता बांगो बांध से हसदेव नदी में कुल 26,197 क्यूसेक पानी प्रति सेकंड छोड़ा जा रहा है।
इधर बांध में पानी की आवक भी काफी तेज है। वर्तमान में 54,115 क्यूसेक इनफ्लो दर्ज किया गया है। जल आवक और जलस्तर को देखते हुए बांध प्रबंधन द्वारा लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है तथा आवश्यकता के अनुसार गेटों से पानी के बहाव को नियंत्रित किया जा रहा है।
मिनीमाता बांगो बांध संभाग क्रमांक-3, माचाडोली, कोरबा के कार्यपालन अभियंता द्वारा जारी जानकारी के अनुसार फिलहाल जलप्रवाह नियंत्रित तरीके से हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा है।
