नेशनल हाईवे पर फिर हादसा, ट्रक की टक्कर से ट्यूशन से लौट रहे युवक की मौत
राजनांदगांव।
जीई रोड पर रेवाडीह चौक के पहले राइस मिल के सामने मंगलवार रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार ग्राम बरगा निवासी तुषार अम्बादे बाइक से कौरिनभाठा, राजनांदगांव में ट्यूशन पढ़ने गया था। रात करीब 8 बजे वह मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान रेवाडीह चौक के पहले राइस मिल के सामने जीई रोड पर पीछे से आ रहे ट्रक ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि तुषार गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने हादसे की सूचना दी, जिसके बाद घायल युवक को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। प्रारंभिक जानकारी में ट्रक चालक द्वारा तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के कारण हादसा होने की बात सामने आई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों तथा ट्रक चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
लगातार हो रहे हादसों से बढ़ी चिंता
जीई रोड पर रेवाडीह क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता है। रात के समय तेज रफ्तार भारी वाहनों की आवाजाही के बीच दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरा बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था और वाहनों की गति पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत बताई है।
