कैबिनेट बैठक में धान खरीदी और बाढ़ से फसल नुकसान पर मंथनकैबिनेट में धान खरीदी, बाढ़ से फसल नुकसान और अन्य अहम मुद्दों पर मंथन
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय, महानदी भवन में कैबिनेट की बैठक शुरू हुई। बैठक में प्रदेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक और नीतिगत विषयों पर चर्चा की जा रही है। खास तौर पर आगामी धान खरीदी की तैयारियों तथा हालिया बारिश और बाढ़ से फसलों को हुए नुकसान के आकलन को लेकर सरकार के स्तर पर मंथन चल रहा है।
बैठक में बाढ़ और अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों में फसल क्षति के आकलन, प्रभावित किसानों तक राहत और मुआवजा पहुंचाने की प्रक्रिया तथा इसके लिए आवश्यक प्रावधानों पर चर्चा होने की संभावना है। मैदानी स्तर पर फसलों को हुए नुकसान की रिपोर्ट तैयार कराए जाने के बाद उसके आधार पर राहत वितरण को लेकर सरकार निर्णय ले सकती है।
इसके अलावा खरीफ सीजन में धान खरीदी की तैयारियों, उपार्जन केंद्रों की व्यवस्था, किसानों की सुविधा तथा खरीदी से जुड़े अन्य प्रशासनिक विषय भी कैबिनेट के एजेंडे में बताए जा रहे हैं। बैठक में शासन के अन्य विभागों से संबंधित प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श जारी है।
कैबिनेट बैठक के बाद सरकार की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस किए जाने की संभावना है। इसमें बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण फैसलों और विभिन्न प्रस्तावों पर सरकार की ओर से विस्तृत जानकारी दी जाएगी। फिलहाल सभी की नजरें कैबिनेट के फैसलों और सरकार की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं।
