शिक्षकों को TET उत्तीर्ण करने का अवसर प्रदान करने विशेष TET परीक्षा आयोजित करने की मांग

0
IMG-20261006-WA0360

कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा के नेतृत्व में विभिन्न शैक्षिक संगठनों की इंद्रावती भवन में महत्वपूर्ण बैठक

08 अक्टूबर को शिक्षा सचिव एवं संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय को सौंपेंगे ज्ञापन

मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं होने पर मंत्रालय एवं संचालनालय TET परीक्षा शीघ्र आयोजित कर शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया शुरू करने की मांगके घेराव की चेतावनी

रायपुर।

छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के संयोजक श्री कमल वर्मा के नेतृत्व में आज इंद्रावती भवन, नवा रायपुर में विभिन्न शैक्षिक संगठनों के प्रांताध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षकों से संबंधित TET परीक्षा, लंबित पदोन्नति, VSK एप के आधार पर वेतन कटौती तथा सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों के पेंशन प्रकरणों सहित विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में श्री कमल वर्मा ने कहा कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा 29 मई 2026 को TET के संबंध में संशोधित निर्णय दिए जाने के लगभग पांच माह बाद भी शासन द्वारा TET परीक्षा आयोजित करने के संबंध में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इसके कारण प्रदेश के बड़ी संख्या में शिक्षक असमंजस एवं मानसिक तनाव की स्थिति में हैं तथा उनकी पदोन्नति एवं भविष्य की सेवा संबंधी संभावनाएं प्रभावित हो रही हैं।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शासन द्वारा शीघ्र विशेष TET परीक्षा आयोजित की जाए तथा परीक्षा की तिथि, समय-सारणी एवं पाठ्यक्रम तत्काल जारी किया जाए, ताकि शिक्षक पर्याप्त समय में तैयारी कर परीक्षा में सम्मिलित हो सकें।
इसके साथ ही व्याख्याता, प्रधान पाठक पूर्व माध्यमिक शाला, शिक्षक एवं प्रधान पाठक प्राथमिक शाला के लंबित पदोन्नति प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने की मांग की गई। जिन पदों पर पदोन्नति के लिए TET अनिवार्य किया गया है, उन पदों पर माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के अधीन वर्ष 2028 तक TET उत्तीर्ण करने की बाध्यता को सशर्त रखते हुए पदोन्नति प्रदान करने की मांग भी की गई।

VSK एप से वेतन कटौती का विरोध
बैठक में VSK एप में दर्ज उपस्थिति के आधार पर सीधे वेतन कटौती किए जाने के निर्देश को वापस लेने की मांग की गई। संगठनों ने कहा कि यदि किसी शिक्षक अथवा कर्मचारी की VSK एप में अनुपस्थिति प्रदर्शित होती है, तो किसी भी प्रकार की कार्रवाई से पहले संबंधित संस्था प्रमुख से वास्तविक स्थिति का प्रमाणीकरण कराया जाना चाहिए।

पेंशन प्रकरणों के त्वरित निराकरण की मांग
बैठक में सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों के पेंशन प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए विशेष पेंशन शिविर आयोजित करने की मांग की गई। शिविरों के माध्यम से आवश्यक दस्तावेजों की मांग, जांच तथा संबंधित प्रमाण-पत्र जारी करने की प्रक्रिया को सरल एवं समयबद्ध करने पर जोर दिया गया, ताकि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

08 अक्टूबर को सौंपेंगे ज्ञापन
बैठक में निर्णय लिया गया कि उपरोक्त मांगों को लेकर 08 अक्टूबर 2026 को कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के संयोजक श्री कमल वर्मा के नेतृत्व में विभिन्न शैक्षिक संगठनों के प्रांताध्यक्षों द्वारा शिक्षा सचिव एवं संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
फेडरेशन ने स्पष्ट किया कि यदि शासन द्वारा TET परीक्षा के आयोजन एवं लंबित पदोन्नति सहित अन्य मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो प्रदेश के विभिन्न शैक्षिक संगठन आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए बाध्य होंगे तथा मंत्रालय एवं संचालनालय का घेराव किया जाएगा। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन की होगी।

बैठक में चंद्रशेखर तिवारी, महासचिव कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन, राजेश चटर्जी, प्रमुख सलाहकार फेडरेशन, पंकज पांडे, प्रदेश प्रवक्ता, मनोज साहू, संयुक्त सचिव, सहित लैलूंन भारद्वाज, श्री बसंत कौशिक, राजू टंडन, राधेश्याम साहू, राजकुमार नारंग, मनसुख दास साहू, प्रदीप साहू, अमित दुबे, लखमेंदर सिंह बौद्ध एवं सुरेश वर्मा सहित विभिन्न शैक्षिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *