साइकिल की सीट के नीचे फन फैलाकर बैठा था कोबरा, युवक को डसा; समय पर इलाज मिलने से बची जानब
बालोद।
जिले की गुंडरदेही तहसील के ग्राम मोखा में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां साइकिल की सीट के नीचे छिपकर बैठे कोबरा सांप ने एक युवक को डस लिया। गनीमत रही कि युवक समय रहते डॉक्टर के पास पहुंच गया और उसे एंटी स्नेक वेनम (सर्पदंश रोधी इंजेक्शन) लगाया गया, जिससे उसकी जान बच गई।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम मोखा निवासी विजय साहू अपने घर से साइकिल लेकर गांव के अंदर की ओर जा रहे थे। इस दौरान उन्हें इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि उनकी साइकिल की सीट के नीचे एक जहरीला कोबरा सांप छिपा बैठा है। कुछ दूर जाने के बाद जब साइकिल में कुछ हलचल महसूस हुई तो उन्होंने ध्यान दिया। इसी दौरान सीट के नीचे फन फैलाकर बैठा कोबरा फुफकारने लगा और विजय को डस लिया।
अचानक हुए इस घटनाक्रम से विजय घबरा गए। सर्पदंश के बाद उन्होंने बिना देर किए डॉक्टर के पास पहुंचकर उपचार कराया। डॉक्टरों ने उन्हें सर्पदंश का इंजेक्शन लगाया। समय पर इलाज मिलने से उनकी जान बच गई।
इस घटना के बाद गांव में कोबरा सांप को लेकर दहशत का माहौल है। यह घटना एक बार फिर बताती है कि घरों में खड़ी साइकिल, बाइक और अन्य सामान के आसपास भी जहरीले सांप छिपे हो सकते हैं। इसलिए किसी भी वाहन का इस्तेमाल करने से पहले उसकी सीट और आसपास के हिस्सों की अच्छी तरह जांच कर लेना जरूरी है।
