दीपावली पर जुआरियों के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान, सात दिन में 162 आरोपी गिरफ्तार

0


40 प्रकरण दर्ज, 81 हजार 955 रुपए नकद जब्त; जिले के 12 थाना और चौकी क्षेत्रों में हुई कार्रवाई


कवर्धा। दीपावली पर्व के दौरान जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए कबीरधाम पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। पुलिस की लगातार कार्रवाई का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि महज सात दिनों के भीतर जिले में जुए के 40 प्रकरण दर्ज कर 162 लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई। इस दौरान पुलिस ने जुआरियों के कब्जे से 81 हजार 955 रुपए नकद जब्त किए।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देश पर 3 नवंबर से 9 नवंबर 2026 तक जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में जुआ खेलने तथा खिलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया गया। दीपावली के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही अवैध गतिविधियों पर निगरानी के लिए थाना प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद अलग-अलग क्षेत्रों में पुलिस की टीमों ने कार्रवाई करते हुए जुआ खेल रहे लोगों को पकड़ा।
कुंडा में सबसे ज्यादा रकम जब्त
थाना और चौकीवार कार्रवाई के आंकड़ों पर नजर डालें तो कुंडा थाना क्षेत्र में सबसे अधिक 21 हजार 415 रुपए जब्त किए गए। यहां पांच प्रकरणों में 21 आरोपियों पर कार्रवाई हुई। कवर्धा थाना क्षेत्र में छह प्रकरणों में 26 आरोपी पकड़े गए और 16 हजार 480 रुपए जब्त किए गए। पांडातराई में पांच प्रकरणों में 27 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई हुई, जो आरोपी संख्या के लिहाज से सबसे अधिक है। यहां से 9 हजार 920 रुपए जब्त किए गए।
सहसपुर लोहारा में छह प्रकरणों में 21 आरोपियों पर कार्रवाई कर 8 हजार 890 रुपए, पिपरिया में चार प्रकरणों में 11 आरोपियों से 5 हजार 530 रुपए तथा दशरंगपुर चौकी क्षेत्र में तीन प्रकरणों में 14 आरोपियों से 6 हजार 420 रुपए जब्त किए गए।
इसी तरह पंडरिया में चार प्रकरणों में 17 आरोपी, बोड़ला में दो प्रकरणों में आठ आरोपी, दामापुर चौकी में दो प्रकरणों में छह आरोपी, सिंघनपुरी में एक प्रकरण में पांच आरोपी, पौड़ी चौकी में एक प्रकरण में तीन आरोपी और बैजलपुर चौकी में एक प्रकरण में तीन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
त्योहारों पर भी जारी रहेगी निगरानी
पुलिस का कहना है कि त्योहारों के दौरान जुआ-सट्टा सहित अन्य अवैधानिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए निगरानी और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा जुआ-सट्टा जैसी गतिविधियों से दूर रहें। किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed