पीएम स्वनिधि योजना में छत्तीसगढ़ को मिले पांच राष्ट्रीय पुरस्कार, फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देश में पहला स्थान

0
IMG-20261120-WA0152



बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा को भी डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में मिला राष्ट्रीय सम्मान, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने ग्रहण किए पुरस्कार


रायपुर।

प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयासों के लिए छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि मिली है। नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में शुक्रवार को आयोजित ‘स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026’ में प्रदेश को पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। इनमें राज्य को फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देश में पहला और इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में दूसरा स्थान मिला है।
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री अरुण साव ने राज्य की ओर से दोनों राष्ट्रीय पुरस्कार ग्रहण किए। समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहे। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा को भी राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया।
डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में एक लाख से कम आबादी वाले नगरीय निकायों में बड़े बचेली ने देश में पहला और दंतेवाड़ा ने दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं, एक लाख से 10 लाख की आबादी वाले नगरीय निकायों की श्रेणी में बिलासपुर नगर निगम को दूसरा स्थान मिला। इन निकायों को पथ विक्रेताओं को डिजिटल लेनदेन से जोड़ने और वित्तीय सुविधाओं तक उनकी पहुंच बढ़ाने के प्रयासों के लिए सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। प्रदेश को पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना गौरव का विषय है। यह उपलब्धि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और स्थानीय स्तर पर किए गए नवाचारों को दर्शाती है। सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य के साथ तीन नगरीय निकायों को राष्ट्रीय सम्मान मिलना बेहतर कार्यप्रणाली और समर्पित प्रयासों का परिणाम है। योजना के माध्यम से पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण, डिजिटल लेनदेन और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
समारोह में नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, संचालक निलेश महादेव क्षीरसागर सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा के जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी पुरस्कार ग्रहण समारोह में भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *