निर्माण कार्यों में लापरवाही पर पीडब्ल्यूडी सचिव सख्त, उप अभियंता निलंबित
बगीचा पॉलीटेक्निक कॉलेज भवन में अमानक निर्माण मिलने पर कार्रवाई, सड़क निर्माण की धीमी रफ्तार पर अधिकारियों और ठेकेदारों को लगाई फटकार
जशपुर।
सन्ना और आस्ता-कुसमी सड़क का काम जल्द पूरा करने के निर्देश, 41 किमी लुडेग-तपकरा-लवाकेरा मार्ग का भी किया निरीक्षण
रायपुर। निर्माण कार्यों में लापरवाही और गुणवत्ता से समझौता करने वाले अधिकारियों पर लोक निर्माण विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। जशपुर जिले में निर्माणाधीन सड़कों और भवनों का निरीक्षण करने पहुंचे पीडब्ल्यूडी सचिव मुकेश कुमार बंसल ने बगीचा के पॉलीटेक्निक कॉलेज भवन में निर्माण कार्य अमानक पाए जाने पर उप अभियंता रमेश प्रसाद सिंह को निलंबित करने के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर प्रमुख अभियंता कार्यालय ने तत्काल निलंबन आदेश भी जारी कर दिया। वहीं, सड़कों के निर्माण में धीमी प्रगति को लेकर उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों के प्रति कड़ी नाराजगी जताई।
सचिव बंसल ने जशपुर और पत्थलगांव संभाग में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधूरे कार्यों में तेजी लाने के साथ सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
अमानक निर्माण पर तत्काल कार्रवाई
बगीचा में निर्माणाधीन पॉलीटेक्निक कॉलेज भवन के निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए सचिव ने संबंधित उप अभियंता रमेश प्रसाद सिंह को निलंबित करने के निर्देश दिए। इसके बाद प्रमुख अभियंता कार्यालय ने निलंबन का आदेश जारी कर दिया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय नवा रायपुर स्थित प्रमुख अभियंता कार्यालय रहेगा। इस कार्रवाई से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर विभागीय अमले में सख्ती का संदेश गया है।
41 किमी सड़क निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
सचिव ने केंद्रीय सड़क निधि (सीआरएफ) के तहत लुडेग-तपकरा-लवाकेरा मार्ग के 41 किलोमीटर लंबे हिस्से के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। यह मार्ग राज्य राजमार्ग-4 का हिस्सा है। उन्होंने निर्माण एजेंसी की प्रयोगशाला और डामर प्लांट का जायजा लेकर निर्माण सामग्री और गुणवत्ता की व्यवस्था देखी। अधिकारियों और ठेकेदार को निर्माण की गति बढ़ाने तथा प्रत्येक चरण में गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।
दो महत्वपूर्ण सड़कों के काम जल्द पूरा करने पर जोर
जशपुर-सन्ना मार्ग के 17.60 किलोमीटर हिस्से के सुदृढ़ीकरण कार्य की समीक्षा करते हुए सचिव ने निर्माण तत्काल शुरू कर निर्धारित समय में पूरा करने को कहा। इस परियोजना के लिए 13 करोड़ 56 लाख 88 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है।
इसी तरह आस्ता-कुसमी मार्ग के 28 किलोमीटर हिस्से के उन्नयन एवं मजबूतीकरण कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। इस सड़क के निर्माण के लिए 35 करोड़ 86 लाख 99 हजार रुपये स्वीकृत हैं। सचिव ने कार्यों में तेजी लाकर सड़क का निर्माण जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने जशपुर और पत्थलगांव संभाग के अधिकारियों से अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी भी ली। उन्होंने नियमित निरीक्षण और सतत निगरानी के जरिए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण में प्रमुख अभियंता व्ही.के. भतपहरी, सरगुजा परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता के.पी. संत, अधीक्षण अभियंता आर.एस. तोमर सहित जशपुर और पत्थलगांव संभाग के कार्यपालन अभियंता मौजूद थे।
