साय सरकार नहीं चाहती किसान धान पैदा करें, ताकि 3100 रुपए में न खरीदना पड़े : बैज
रायपुर.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सियासी हमला बोला है। उन्होंने कहा, भाजपा नहीं चाहती किसान धान पैदा करे ताकि 3100 रुपए में खरीदना न पड़े। पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा, खरीफ की फसल में दलहन, तिलहन की फसल लेने वाले किसानों को प्रोत्साहन राशि देने का निर्णय किसानों से नया धोखा है। छत्तीसगढ़ के जलवायु के अनुसार धान की फसल लेना खरीफ में किसानों के लिए सबसे ज्यादा फायदे की खेती है। साय सरकार खरीफ के फसल के लिए बीज, खाद उपलब्ध नहीं करवा पा रही तो प्रोत्साहन योजना के तहत प्रलोभन दिया जार रहा ताकि किसान धान की फसल नहीं ले और सरकार को 3100 में धान नहीं खरीदना पड़े। पूरे प्रदेश में किसान बुवाई की प्रक्रिया शुरू कर चुके हैं, लेकिन प्रदेश में खाद और बीज की समुचित व्यवस्था यह सरकार नहीं कर पाई है। प्रदेश के ज्यादातर सोसाइटी में किसानों को डीएपी की कमी से जूझना पड़ रहा है, ज्यादातर स्थानों पर बोनी और थरहा के लिए बीज भी किसानों को नहीं मिल पा रहा है, जिसके चलते किसान परेशान हैं। मुख्यमंत्री खाद की उपलब्धता की समीक्षा करते है लेकिन यह मीडिया तक ही सीमित है, आज भी 90 प्रतिशत सोसायटी में डीएपी नहीं मिल रही।
सरकार चिकित्सा छात्रों के लिए हास्टल बनाएं
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा, बेहद ही दुर्भाग्यजनक है कि सरकार की लापरवाही का खामियाजा चिकित्सा छात्रों की भुगतना पड़ रहा है। हाॅस्टल की कमी के कारण चिकित्सा छात्र परेशान है। उनकी पढ़ाई बाधित हो रही है। कांग्रेस की सरकार ने हास्टल बनाने के लिए 24 करोड़ की राशि स्वीकृत किया था, उसका टेंडर भी किया था, लेकिन भाजपा की सरकार बनने के बाद दो साल से काम रूका पड़ा है।
सरकार की हठधार्मिता के कारण स्कूलों की पढ़ाई चौपट
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा, सरकार की हठधार्मिता के कारण स्कूलों की पढाई चौपट हो गई है। युक्तीयुक्तकरण के कारण सरकार ने बड़ी संख्या में शिक्षको का ट्रांसफर तो कर दिया है, लेकिन प्रदेश के हजारों स्कूल ऐसे हैं, जहां पर अभी तक शिक्षक नहीं पहुंच पाए। एक शिक्षक पांच कक्षाएं ले रहे। 10463 स्कूल बंद होने के कारण अनेक स्थान पर बच्चों को अपने घर से तीन से पांच किलोमीटर पैदल चल कर स्कूल जना पड़ रहा।
