छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव : रायपुर में हेरिटेज वॉक, ऐतिहासिक स्थलों की अनूठी झलक
रायपुर।
राज्य निर्माण के 25 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के अंतर्गत रायपुर जिला प्रशासन और नगर निगम संस्कृति विभाग द्वारा हेरिटेज वॉक का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त विश्वदीप, अपर कलेक्टर कीर्तिमान राठौर, निगम संस्कृति विभाग के अध्यक्ष अमर गिदवानी, जोन-5 अध्यक्ष अम्बर अग्रवाल, नोडल अधिकारी उपायुक्त डॉ. अंजलि शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन व नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम में समन्वयक निष्ठा जोशी ने प्रतिभागियों को लिली चौक, टुरी हटरी बाजार, नागरीदास मंदिर, जैतू साव मठ, अखाड़ा, बावली और हनुमान मंदिर के इतिहास, नामकरण और सांस्कृतिक महत्व की रोचक जानकारी दी।
आयुक्त विश्वदीप ने कहा कि –”किसी भी शहर की समृद्धि उसकी सांस्कृतिक विरासत से झलकती है। रायपुर की प्राचीन धरोहरों ने शहर को समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इन स्थलों का संरक्षण और उनसे नागरिकों का जुड़ाव हमारी सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत करेगा।”रजत महोत्सव के इस आयोजन का उद्देश्य नागरिकों को रायपुर की ऐतिहासिक धरोहरों से परिचित कराना और उनमें सकारात्मक ऊर्जा व सांस्कृतिक गर्व का संचार करना है।
