निकाय कर्मियों की 10 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन का ऐलान, 9 जनवरी को प्रदेशभर में एक घंटे का विरोध प्रदर्शन
रायपुर।
प्रदेश के नगरीय निकायों में कार्यरत अधिकारी एवं कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर महासंघ ने शासन के समक्ष सशक्त आवाज उठाई है। महासंघ द्वारा निकाय कर्मियों की 10 सूत्रीय मांगों को लेकर माननीय उपमुख्यमंत्री एवं मंत्री, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग छत्तीसगढ़ शासन तथा विभागीय सचिव को विधिवत मांग पत्र सौंपा गया। इसके साथ ही समस्याओं की ओर शासन-प्रशासन का ध्यान आकृष्ट करने हेतु प्रदेश कार्यसमिति के निर्णयानुसार तीन चरणों में आंदोलन की रूपरेखा का पत्र भी प्रेषित किया गया है।
महासंघ ने स्पष्ट किया कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं की गई तो चरणबद्ध आंदोलन को और अधिक व्यापक रूप दिया जाएगा। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से लंबित मांगों के कारण कार्य प्रभावित हो रहा है और कर्मियों में असंतोष व्याप्त है।
आंदोलन के प्रथम चरण की शुरुआत
आंदोलन के प्रथम चरण में दिनांक 9 जनवरी 2026 को प्रदेश के समस्त नगर पंचायत, नगर पालिका एवं नगर निगम मुख्यालयों के गेट पर प्रातः 10 बजे अधिकारी-कर्मचारी एकत्रित होकर एक घंटे तक नारेबाजी एवं विरोध प्रदर्शन करेंगे। इसके पश्चात अपनी मांगों के समर्थन में संबंधित आयुक्त अथवा मुख्य कार्यपालिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
महासंघ ने सभी स्थानीय इकाइयों को निर्देशित किया है कि ग्रुप में साझा किए गए मांग पत्र का प्रिंट निकालकर स्थानीय अध्यक्ष एवं महामंत्री अपने लेटरहेड पर इस आशय की सूचना दिनांक 7 जनवरी को संबंधित स्थानीय शासन-प्रशासन को अनिवार्य रूप से प्रेषित करें, ताकि आंदोलन शांतिपूर्ण एवं नियमानुसार संचालित हो सके।
