घरेलू विवाद में पति बना हैवान, हथौड़ी से वार कर पत्नी की हत्या
रायगढ़।
जिले के धर्मजयगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बांसाजोर गांव में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद एक पति ने अपनी पत्नी के सिर पर हथौड़ी से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, बांसाजोर गांव में रहने वाले दंपति के बीच घरेलू बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आरोपी पति ने हथौड़ी उठाकर पत्नी के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही धर्मजयगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद बांसाजोर गांव में शोक और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार, किसी ने भी नहीं सोचा था कि घरेलू विवाद इतनी बड़ी वारदात में बदल जाएगा।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
