कबीरधाम में रेत माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई: 40 लाख की अवैध रेत जब्त, 1000 ट्रैक्टर-ट्रॉली के बराबर भंडारण पकड़ा

0
IMG_20260629_091123_977


कवर्धा।

कबीरधाम जिले में अवैध रेत कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए पंडरिया विकासखंड के ग्राम खरहट्टा में करीब 40 लाख रुपये मूल्य की 2660 घनमीटर अवैध रेत जब्त की है। यह मात्रा लगभग 1000 ट्रैक्टर-ट्रॉली रेत के बराबर बताई जा रही है।
खनिज विभाग ने राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम के साथ ग्राम खरहट्टा में दबिश देकर हाफ नदी से अवैध रूप से निकाली गई रेत के बड़े भंडारण को पकड़ा। गांव में जगह-जगह रेत के विशाल ढेर खड़े कर अवैध भंडारण किया गया था, जिसे प्रशासन ने जब्त कर लिया।
पंडरिया तहसीलदार संजय महोबिया ने बताया कि अवैध रेत भंडारण के मामले में ग्राम खरहट्टा के पांच लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई की गई।
प्रशासन का कहना है कि जिले में अवैध खनन और रेत के अवैध भंडारण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इस कार्रवाई के बाद रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और भंडारण में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *