सामाजिक अंकेक्षण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: आपत्तियों का कंडिकावार जल्द करें निराकरण, मुख्य सचिव के सख्त निर्देश

0
IMG-20260630-WA0226


रायपुर।

छत्तीसगढ़ में सामाजिक अंकेक्षण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में छत्तीसगढ़ सामाजिक अंकेक्षण इकाई की सामान्य सभा की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सामाजिक अंकेक्षण के दौरान प्राप्त सभी आपत्तियों का कंडिकावार और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
मुख्य सचिव ने कहा कि सामाजिक अंकेक्षण केवल योजनाओं की समीक्षा का माध्यम नहीं, बल्कि ग्राम सभाओं को सशक्त बनाने और शासन में पारदर्शिता बढ़ाने का प्रभावी उपकरण है। उन्होंने सामाजिक अंकेक्षण में जनभागीदारी बढ़ाने और सभी जिला कलेक्टरों को ग्राम सभाओं में अंकेक्षण रिपोर्ट अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
सभी ग्राम पंचायतों में होगा सामाजिक अंकेक्षण
बैठक में वर्ष 2026-27 की वार्षिक कार्ययोजना और बजट पर विस्तार से चर्चा करते हुए उसका अनुमोदन किया गया। निर्णय लिया गया कि प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में महात्मा गांधी नरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, ग्रामीण विकास योजनाओं तथा राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम का सामाजिक अंकेक्षण कराया जाएगा।
नवाचार और गुणवत्ता पर रहेगा विशेष फोकस
बैठक में वर्ष 2024-25 से 2025-26 तक किए गए सामाजिक अंकेक्षण कार्यों की समीक्षा की गई। सामाजिक अंकेक्षण को और प्रभावी बनाने के लिए डेवलपमेंट एजेंसी के सहयोग, इकाई के विस्तार, गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन और विभिन्न योजनाओं से विकास निधि निर्धारित करने जैसे प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई।
रिक्त पद भरने के प्रस्ताव को मिली मंजूरी
बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत मनरेगा सहित अन्य योजनाओं के सामाजिक अंकेक्षण कार्यों के सुचारु संचालन के लिए विभिन्न रिक्त पदों को नियमानुसार भरने के प्रस्ताव को भी अनुमोदित किया गया। साथ ही मनरेगा की संशोधित व्यवस्था में सामाजिक अंकेक्षण के प्रावधानों को आत्मसात करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव ऋर्चा शर्मा, प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, प्रमुख सचिव शहला निगार, सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी, सचिव राजेश सुकुमार टोप्पो सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं सामाजिक अंकेक्षण इकाई के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *