कांग्रेस का प्रशिक्षण शिविर ‘बिग बॉस’ का घर था, जहां गांधी परिवार की चरण वंदना का पाठ पढ़ाया गया : अमित चिमनानी
रायपुर।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर पर तीखा हमला बोलते हुए इसकी तुलना ‘बिग बॉस’ के घर से की। उन्होंने आरोप लगाया कि शिविर में कार्यकर्ताओं को जनता की सेवा नहीं, बल्कि गांधी परिवार की सेवा और निष्ठा का पाठ पढ़ाया गया।
चिमनानी ने कहा कि राहुल गांधी स्वयं प्रशिक्षण देने पहुंचे, जबकि उनके राजनीतिक अनुभव और नेतृत्व क्षमता पर लगातार सवाल उठते रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, पवन खेड़ा और अलका लाम्बा जैसे नेता कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने आए थे या उन्हें भ्रमित करने।
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी केवल औपचारिकता निभाने के लिए शिविर में पहुंचे, कुछ समय रुके, “मैगी” खाई और लौट गए। उनके अनुसार यह पूरा प्रशिक्षण शिविर केवल राजनीतिक दिखावा बनकर रह गया और इसका कार्यकर्ताओं पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा।
चिमनानी ने दावा किया कि कांग्रेस का जनाधार लगातार सिमट रहा है और आने वाले समय में पार्टी देश की राजनीति में और कमजोर होगी। उन्होंने कहा कि देश की जनता सेवा और विकास की राजनीति करने वालों पर विश्वास करती है, जबकि भ्रष्टाचार और परिवारवाद की राजनीति को लगातार नकार रही है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस के लिए प्रशिक्षण का अर्थ जनता की सेवा नहीं, बल्कि एक परिवार की परिक्रमा कर संगठन में अपनी स्थिति मजबूत करना और सत्ता के माध्यम से निजी हित साधना रह गया है।
