55 करोड़ की परिक्रमा पथ परियोजना के विरोध में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, चक्काजाम से थमी शहर की रफ्तार
डोंगरगढ़।
55 करोड़ रुपये की बहुचर्चित परिक्रमा पथ परियोजना के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए हाईस्कूल चौक पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के चलते शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई और खैरागढ़, चिचोला, महाराष्ट्र तथा राजनांदगांव की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
स्थिति बिगड़ते देख प्रशासन ने तत्काल वैकल्पिक मार्ग (रूट डायवर्ट) लागू कर यातायात को सुचारू बनाए रखने की कोशिश की। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में वाहनों को दूसरे रास्तों से निकाला गया, जिससे धीरे-धीरे जाम की स्थिति सामान्य हो सकी।
प्रदर्शन में विधायक हर्षिता स्वामी बघेल, नवाज खान, कांग्रेस नेता विजयराज सिंह, संध्या देशपाण्डे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और परिक्रमा पथ परियोजना से प्रभावित किसान शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर राज्य सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा 55 करोड़ रुपये की परिक्रमा पथ परियोजना को तत्काल निरस्त करने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि परियोजना से किसानों की जमीन और आजीविका प्रभावित होगी, जबकि स्थानीय लोगों की आपत्तियों को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि परियोजना वापस नहीं ली गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
वहीं, चक्काजाम के कारण आम लोगों और यात्रियों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा। मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लगने से कई वाहन फंस गए, जिसके बाद प्रशासन ने रूट डायवर्ट कर यातायात बहाल कराया। पूरे घटनाक्रम के दौरान क्षेत्र में पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति पर लगातार नजर रखी गई।
