सर्पदंश से तीन की दर्दनाक मौत, पिता-पुत्री समेत मासूम ने गंवाई जान
अंबिकापुर।
सरगुजा संभाग में सर्पदंश की अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। इनमें बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में पिता और उनकी 4 वर्षीय बेटी की मौत हो गई, जबकि लखनपुर क्षेत्र में मामा के घर रह रही एक बालिका ने भी सर्पदंश के बाद दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम डांभाटोली में एक परिवार जमीन पर सो रहा था। देर रात जहरीले सांप ने पिता और उनकी 4 वर्षीय बेटी को डस लिया। परिजनों ने दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वहीं, लखनपुर में अपने मामा के घर रह रही एक बालिका को भी सांप ने डस लिया। परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन उसकी भी जान नहीं बच सकी।
लगातार हो रही बारिश के बीच सांपों के रिहायशी इलाकों में निकलने की घटनाएं बढ़ गई हैं। स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, जमीन पर सोने से बचने तथा सर्पदंश की स्थिति में बिना देरी किए नजदीकी अस्पताल पहुंचने की अपील की है।
पुलिस ने मामलों की जांच शुरू कर दी है।
