व्हाइट हाउस’ में पानी की बर्बादी! निगम मुख्यालय में बह रहा हजारों लीटर पानी, जिम्मेदार बेखबर

0
image-2024-12-17t165554568_1734434751



रायपुर। जल संरक्षण के बड़े-बड़े दावे करने वाले रायपुर नगर निगम का अपना मुख्यालय ही पानी की बर्बादी का केंद्र बना हुआ है। निगम मुख्यालय ‘व्हाइट हाउस’ की चार मंजिला इमारत में कई दिनों से वॉशरूम में लगे नलों की टोंटियां खराब पड़ी हैं, जिसके चलते लगातार पानी बह रहा है। हैरानी की बात यह है कि इस गंभीर लापरवाही पर जिम्मेदार अधिकारियों का कोई ध्यान नहीं है।
जानकारी के अनुसार, भवन के विभिन्न वॉशरूम में खराब नलों से चौबीसों घंटे पानी व्यर्थ बह रहा है। इससे प्रतिदिन हजारों लीटर पानी की बर्बादी हो रही है। एक ओर नगर निगम आम नागरिकों से पानी बचाने और जल संरक्षण का संदेश देता है, वहीं दूसरी ओर उसके अपने मुख्यालय में ही इस संदेश की खुलेआम अनदेखी की जा रही है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब भवन के रखरखाव (मेंटेनेंस) के नाम पर हर महीने लाखों रुपये खर्च किए जाते हैं, तब भी छोटी-छोटी खराबियों को समय पर क्यों नहीं सुधारा जा रहा है? इससे मेंटेनेंस व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
कर्मचारियों का कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दी जा चुकी है, लेकिन अब तक नलों की मरम्मत नहीं कराई गई। ऐसे में लगातार हो रही पानी की बर्बादी निगम प्रशासन की लापरवाही को उजागर कर रही है।
अब देखना होगा कि नगर निगम प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए खराब नलों की मरम्मत कर पानी की बर्बादी पर रोक लगाता है या फिर जल संरक्षण के दावे केवल कागजों तक ही सीमित रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *