300 किलो गांजा तस्करी का मास्टरमाइंड शुभम यादव गिरफ्तार, 1.86 करोड़ की खेप मामले में बड़ी सफलता

0


रायगढ़।

रायगढ़ पुलिस ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 300 किलो गांजा तस्करी के मास्टरमाइंड शुभम यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पिछले माह करीब 1.86 करोड़ रुपये मूल्य की 300 किलो गांजा खेप बरामद होने के बाद से मुख्य आरोपी फरार चल रहा था। साइबर सेल और लैलूंगा पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा।
पुलिस के अनुसार, आरोपी शुभम यादव पूरे तस्करी नेटवर्क का संचालन कर रहा था और गांजा की बड़ी खेप की सप्लाई में उसकी अहम भूमिका थी। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के साथ पुलिस को तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग भी मिले हैं, जिनके आधार पर आगे की जांच तेज कर दी गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक KIA कार, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड सहित कुल 10.17 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। पुलिस का कहना है कि जब्त की गई संपत्तियां मादक पदार्थ तस्करी से अर्जित आय से जुड़ी होने की आशंका है।
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई केवल एक आरोपी की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के उद्देश्य से एंड-टू-एंड जांच की जा रही है। नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों, वित्तीय लेन-देन और सप्लाई चेन की भी गहन पड़ताल की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। शुभम यादव की गिरफ्तारी को रायगढ़ पुलिस की इस अभियान में बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *