पीएम जनमन योजना की सड़क में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई, सहायक अभियंता और उप अभियंता निलंबित
कार्यपालन अभियंता के निलंबन का प्रस्ताव भेजने के निर्देश, ठेकेदार होगा ब्लैकलिस्ट
कवर्धा।
बोड़ला विकासखंड में प्रधानमंत्री जनमन (PM JANMAN) योजना के तहत निर्मित खारिया से अगरी तक सड़क के धंसने के मामले में राज्य शासन ने बड़ी कार्रवाई की है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव भीम सिंह ने गुरुवार को मौके पर पहुंचकर सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच की और गंभीर तकनीकी खामियां मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
करीब 2.49 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस सड़क का निरीक्षण वैज्ञानिक तरीके से कोर कटिंग कर कराया गया। तकनीकी जांच में सामने आया कि सड़क के शोल्डर निर्माण में गुणवत्ता संबंधी गंभीर कमी और भारी वाहनों के संचालन के कारण सड़क क्षतिग्रस्त हुई।
जांच में लापरवाही पाए जाने पर सहायक अभियंता सौरभ देशमुख और उप अभियंता जे. रितेश नायडू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। वहीं निर्माण कार्यों की निगरानी में कमी पाए जाने पर कार्यपालन अभियंता संतोष कुमार ठाकुर के निलंबन के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया भी शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
सचिव भीम सिंह ने क्षतिग्रस्त सड़क को पूरी तरह उखाड़कर दोबारा गुणवत्तापूर्ण तरीके से बनाने और पूरी सड़क के शोल्डर का मानकों के अनुरूप पुनर्निर्माण कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
तकनीकी जांच में सामने आईं गंभीर खामियां
निरीक्षण के दौरान सड़क के विभिन्न तकनीकी मानकों की जांच की गई। इसमें पाया गया कि शोल्डर का कॉम्पैक्शन निर्धारित मानक से कम था। आरडी 1400 मीटर पर कॉम्पैक्शन 95 प्रतिशत तथा आरडी 2100 मीटर पर 94.68 प्रतिशत दर्ज किया गया, जो निर्धारित मापदंड से कम है।
इसके अलावा आरडी 1400 मीटर पर बनी पुलिया के एप्रोच में बैकफिलिंग (मिट्टी भराई) भी मानकों के अनुरूप नहीं की गई थी। इसके चलते बारिश का पानी शोल्डर से होकर सड़क की सब-बेस तक पहुंच गया, जिससे सड़क की अंदरूनी परत कमजोर हो गई और सड़क धंसने की स्थिति पैदा हुई।
सचिव ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी अधिकारियों व एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
