नियमों की अनदेखी पर दो कृषि केंद्र सील, कीटनाशकों की अवैध बिक्री का खुलासा
राजनांदगांव। खरीफ सीजन के दौरान किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री उपलब्ध कराने और कृषि आदानों की बिक्री में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सुकुलदैहान स्थित दो कृषि केंद्रों को सील कर दिया। जांच के दौरान दोनों केंद्रों पर नियमों के उल्लंघन और कीटनाशकों की अनियमित बिक्री के मामले सामने आए।
कृषि विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान नित्या कृषि केन्द्र और रत्ना कृषि केन्द्र में दस्तावेजों एवं स्टॉक का सत्यापन किया। जांच में पाया गया कि दोनों प्रतिष्ठानों में कीटनाशकों की बिक्री निर्धारित नियमों के विपरीत की जा रही थी। साथ ही रिकॉर्ड संधारण और लाइसेंस संबंधी प्रावधानों में भी गंभीर अनियमितताएं मिलीं।
अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने दोनों कृषि केंद्रों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। इसके अलावा दोनों संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए निर्धारित समय सीमा में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उनके विरुद्ध लाइसेंस निलंबन अथवा निरस्तीकरण सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नकली, अमानक अथवा बिना नियमों के कृषि आदानों की बिक्री करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ जिलेभर में अभियान लगातार जारी रहेगा। किसानों से भी अपील की गई है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही कृषि सामग्री खरीदें तथा पक्का बिल अवश्य लें। यदि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की जानकारी मिले तो तत्काल कृषि विभाग को सूचित करें।
