महिला एवं बाल विकास विभाग कार्यालय की छत का प्लास्टर गिरा, परियोजना अधिकारी समेत 3 घायल
अंबिकापुर/सीतापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर में शुक्रवार को महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यालय में बड़ा हादसा हो गया। तेज बारिश के बीच जर्जर भवन की छत का प्लास्टर अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे में परियोजना अधिकारी सहित कुल तीन लोग घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सीतापुर ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि महिला एवं बाल विकास विभाग का सीतापुर कार्यालय लंबे समय से जर्जर भवन में संचालित हो रहा है। लगातार हो रही बारिश के कारण भवन की स्थिति और कमजोर हो गई थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
घटना के बाद विभागीय अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने जर्जर शासकीय भवनों की समय पर मरम्मत या वैकल्पिक भवन उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
