रायगढ़ को विकास की नई रफ्तार, 41 लाख के विकास कार्यों की सौगात

0
IMG-20260807-WA0072


वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने किया भूमिपूजन व लोकार्पण, रिंग रोड, ऑक्सीजोन और शिक्षा-स्वास्थ्य परियोजनाओं पर दिया जोर


रायगढ़।

प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने शुक्रवार को रायगढ़ नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में 41 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने वार्ड क्रमांक 28 पंजरी प्लांट में 33 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन एवं शासकीय स्कूल की बाउंड्रीवाल निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया, वहीं वार्ड क्रमांक 9 नवागढ़ी में 8 लाख रुपये की लागत से निर्मित शेड का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर वित्त मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य ऐसे विकास कार्यों को धरातल पर उतारना है, जिनका सीधा लाभ आम नागरिकों को मिले। उन्होंने कहा कि रायगढ़ को आधुनिक, सुव्यवस्थित और सुविधासंपन्न शहर बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है।
600 करोड़ की रिंग रोड परियोजना पर तेजी
ओपी चौधरी ने बताया कि शहर में बढ़ते यातायात के दबाव को देखते हुए करीब 600 करोड़ रुपये की लागत से रिंग रोड निर्माण की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। इसके बनने से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और शहर के भविष्य के विकास को नई गति मिलेगी।
शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का होगा विस्तार
उन्होंने कहा कि रायगढ़ में नालंदा परिसर का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा। इसके साथ ही जिले में नर्सिंग कॉलेज और फिजियोथेरेपी कॉलेज शुरू करने की दिशा में भी कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में संस्थागत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है।
पंजरी प्लांट में बनेगा ऑक्सीजोन और ओपन जिम
वित्त मंत्री ने पंजरी प्लांट क्षेत्र में ऑक्सीजोन विकसित करने और ओपन जिम स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शहर में आने वाले समय में 10 ऑक्सीजोन विकसित किए जाएंगे, जिससे हरित क्षेत्र बढ़ेगा और लोगों को स्वच्छ वातावरण के साथ स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं मिलेंगी।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में किया पौधारोपण
कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील करते हुए कहा कि हरित रायगढ़ के निर्माण में जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू, सुरेश गोयल, पावन अग्रवाल, आशीष ताम्रकार, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *