मिनीमाता बांगो बांध के 7 गेट खोले गए, हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा 27,786 क्यूसेक पानी
कोरबा।
लगातार हो रही बारिश और जलाशय में पानी की अधिक आवक के चलते मिनीमाता बांगो बांध का जलस्तर 358.60 मीटर पहुंच गया है। शनिवार 15 अगस्त 2026 की सुबह 9:35 बजे जलाशय का जलस्तर 93.65 प्रतिशत दर्ज किया गया। पानी की बढ़ती आवक को देखते हुए बांध के सात गेट खोलकर बाढ़ के पानी को नियंत्रित किया जा रहा है।
कार्यपालन अभियंता एस.के. भारती के अनुसार बांध के गेट क्रमांक 3 को 0.40 मीटर, गेट क्रमांक 4, 5, 6, 7 और 8 को 0.50-0.50 मीटर तथा गेट क्रमांक 9 को 0.40 मीटर तक खोला गया है।
इन सात गेटों से करीब 18,786 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा है। इसके अलावा पावर प्लांट हाइडल के माध्यम से 9,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इस तरह बांध से हसदेव नदी में कुल 27,786 क्यूसेक पानी प्रति सेकंड छोड़ा जा रहा है।
जलाशय में पानी की आवक लगातार अधिक बनी हुई है। ऐसे में जलस्तर और आवक की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। बांध प्रबंधन द्वारा पानी के बहाव को नियंत्रित करने के लिए आवश्यकतानुसार गेटों के संचालन की व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा नदी के निचले क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
