अंबिकापुर में 65 लाख की बैंक धोखाधड़ी की शिकायत, खाते से बिना अनुमति रकम निकाले जाने का आरोप

0


अंबिकापुर।

शहर में करीब 65 लाख रुपये की कथित बैंक धोखाधड़ी का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। बंधन बैंक के एक खाते से खाताधारक की अनुमति के बिना बड़ी रकम निकाले जाने की शिकायत की गई है। मामले में खाताधारक स्तानिस्लास टोप्पो ने सुशील कुमार राय और नवीन द्विवेदी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिकायतकर्ता का दावा है कि उसके बैंक खाते से उसकी सहमति और अनुमति के बिना विभिन्न लेन-देन किए गए और करीब 65 लाख रुपये की राशि निकाली गई। मामला सामने आने के बाद अब बैंकिंग लेन-देन की पूरी प्रक्रिया और रकम के हस्तांतरण को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
शिकायत में बैंक से संबंधित स्टेटमेंट, ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड और CCTV फुटेज की विस्तृत जांच कराने की मांग की गई है। इसके साथ ही कथित रूप से आरोपितों से जुड़े बैंक खातों तथा अस्पताल से जुड़े वित्तीय लेन-देन की भी जांच की मांग उठाई गई है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि रकम किन खातों में और किस माध्यम से पहुंची।
शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर 65 लाख रुपये की बरामदगी तथा दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। बैंक रिकॉर्ड, CCTV फुटेज और संबंधित खातों की जांच इस मामले में अहम कड़ी मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *