राजधानी में बढ़ते अपराध के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, डीडी नगर थाने का किया घेराव

0
Screenshot_20260825-225628_WhatsApp


रायपुर।

राजधानी रायपुर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डीडी नगर थाने का घेराव कर शहर में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राजधानी में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और लगातार हत्या, नशे की तस्करी सहित गंभीर आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं।
कांग्रेस के मुताबिक 1 अगस्त से 25 अगस्त के बीच राजधानी में हत्या की 12 घटनाएं सामने आई हैं। प्रदर्शनकारियों ने हाल ही में डीडी नगर थाना क्षेत्र में हुए डबल मर्डर और बड़ी मात्रा में गांजा तस्करी की घटना का हवाला देते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
जिला कांग्रेस कमेटी के प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल और पूर्व महापौर प्रमोद दुबे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने डीडी नगर थाने के बाहर प्रदर्शन करते हुए राजधानी में बढ़ते अपराधों पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजधानी जैसे शहर में लगातार गंभीर आपराधिक घटनाओं का सामने आना चिंता का विषय है। उनका आरोप है कि अपराधियों में पुलिस का भय कम होता दिखाई दे रहा है। कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन से हत्या और नशे की तस्करी जैसी घटनाओं पर सख्ती से अंकुश लगाने तथा अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजधानी में आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपराध नियंत्रण के लिए गश्त बढ़ाने, नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई करने और गंभीर अपराधों की रोकथाम के लिए ठोस रणनीति बनाने की मांग की।
डीडी नगर थाने के घेराव के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि राजधानी में कानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार नहीं हुआ और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं लगाया गया, तो पार्टी आगे भी आंदोलन तेज करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *