बिलासपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान विमान का टायर फटा, बाल-बाल टला बड़ा हादसा
दिल्ली से बिलासपुर पहुंची थी अलायंस एयर की फ्लाइट, पायलट ने सूझबूझ से विमान को सुरक्षित उतारा
बिलासपुर।
बिलासपुर एयरपोर्ट पर शुक्रवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब दिल्ली से बिलासपुर पहुंची अलायंस एयर की फ्लाइट के लैंडिंग के दौरान विमान का एक टायर अचानक फट गया। टायर फटने के बावजूद पायलट ने सूझबूझ और सावधानी का परिचय देते हुए विमान की सुरक्षित लैंडिंग करा ली। हादसे में विमान में सवार यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, अलायंस एयर का विमान दिल्ली से उड़ान भरकर शुक्रवार दोपहर बिलासपुर एयरपोर्ट पहुंचा था। विमान जैसे ही रनवे पर उतर रहा था, उसी दौरान उसका टायर फट गया। टायर फटने की घटना से एयरपोर्ट पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालांकि पायलट ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए विमान को रनवे पर सुरक्षित रोक लिया।
घटना की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट के अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची। विमान की तकनीकी जांच की जा रही है। टायर किस वजह से फटा, इसकी वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल सबसे राहत की बात यह रही कि लैंडिंग के दौरान टायर फटने के बावजूद विमान सुरक्षित रहा और किसी बड़े हादसे की स्थिति नहीं बनी। घटना के बाद एयरपोर्ट की सुरक्षा और विमान की तकनीकी स्थिति को लेकर आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।
