महानदी भवन के पास कर्मचारियों से भरी चलती बस में लगी आग, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान
रायपुर।
नवा रायपुर में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब महानदी भवन के पास कर्मचारियों से भरी एक चलती बस में अचानक आग लग गई। बस के पिछले हिस्से से धुआं उठता देख अंदर बैठे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। आग तेजी से फैलने के बाद कई कर्मचारियों ने बस से उतरकर तो कुछ ने कूदकर अपनी जान बचाई।
जानकारी के मुताबिक बस में 30 से अधिक कर्मचारी सवार थे। सभी काम खत्म होने के बाद अपने घर लौट रहे थे। बस जैसे ही महानदी भवन के पास पहुंची, उसके इंजन और पिछले हिस्से की तरफ से अचानक तेज धुआं निकलने लगा. कुछ ही पलों में धुएं ने आग का रूप ले लिया. बस के भीतर धुआं भरने से कर्मचारियों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। स्थिति बिगड़ती देख ड्राइवर ने बस रोक दी और यात्रियों ने तेजी से बाहर निकलना शुरू कर दिया.
चलती बस में आग से अफरा तफरी
आग की लपटें तेज होते ही बस में मौजूद कर्मचारियों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। अपनी जान बचाने के लिए कुछ कर्मचारी दरवाजे से बाहर निकले, जबकि कुछ ने बस से कूदकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचने की कोशिश की.घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने भी कर्मचारियों को बस से बाहर निकलने में मदद की. कुछ ही देर में पूरी बस आग की चपेट में आ गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई. फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया. सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने सड़क पर दोनों तरफ से वाहनों की आवाजाही कुछ समय के लिए रोक दी। दमकल कर्मियों की मशक्कत के बाद बस में लगी आग पर काबू पाया गया. हादसे के कारण आसपास भी कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
फिलहाल बस में आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
