गंगरेल जलाशय में नाव पलटने से टापू पर फंसा मछुआरा, वाटर एम्बुलेंस ने सुरक्षित बचाया
धमतरी।
गंगरेल जलाशय में अचानक मौसम बिगड़ने और तेज लहरों के चलते नाव पलटने से एक मछुआरा टापू पर फंस गया। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, ग्रामीणों और गंगरेल ब्लू एडवेंचर स्पोर्ट्स एसोसिएशन की टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाटर एम्बुलेंस की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया और मछुआरे को सुरक्षित उसके गांव बरारी पहुंचाया।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बरारी निवासी मछुआरा बबलू निषाद लकड़ी बीनने के लिए ठेमली आइलैंड गया था। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और जलाशय में तेज लहरें उठने लगीं। लहरों के बीच उसकी नाव पलट गई। जान बचाने के लिए बबलू तैरकर दूसरे टापू पर पहुंच गया, लेकिन अंधेरा और घना जंगल होने के कारण वह वापस लौटने में असमर्थ था।
इधर, बबलू के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने इसकी सूचना दी, जिसके बाद जिला प्रशासन, ग्रामीणों और गंगरेल ब्लू एडवेंचर स्पोर्ट्स एसोसिएशन की टीम सक्रिय हो गई। एसोसिएशन के सदस्यों ने वाटर एम्बुलेंस के जरिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद मछुआरे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इस सफल बचाव अभियान में सत्येंद्र शिव, राजेश मुकेश सहित एसोसिएशन के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समय पर की गई मदद से बबलू निषाद को सुरक्षित उसके गांव पहुंचाया जा सका।
संकट की घड़ी में वाटर एम्बुलेंस बनी सहारा
गंगरेल जलाशय में चलाए गए इस रेस्क्यू अभियान ने एक बार फिर आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता और सामूहिक प्रयासों के महत्व को सामने लाया। विपरीत परिस्थितियों में टीम की तत्परता से एक मछुआरे को सुरक्षित बचाने में सफलता मिली।
