ड्राइवरों की अचानक हड़ताल से थमे बसों के पहिए, आधे रास्ते में यात्रियों को उतारा

0
IMG_20261112_171223_560


दोगुना-तिगुना किराया वसूलने का भी आरोप, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को हुई भारी परेशानी; परिवहन व्यवस्था चरमराई


धमतरी।

ड्राइवरों की अचानक शुरू हुई हड़ताल ने गुरुवार को जिले की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की रफ्तार थाम दी। बसों का संचालन बंद होने से हजारों यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा नाराजगी इस बात को लेकर रही कि कई बसों के चालकों ने यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के बजाय बीच रास्ते में ही उतार दिया। अचानक सड़क पर छोड़े जाने से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
हड़ताल का असर रायपुर, धमतरी, बालोद और बस्तर सहित कई मार्गों पर देखने को मिला। कई बसें रास्ते में ही खड़ी कर दी गईं, जबकि कुछ बसों को यात्रियों सहित वापस बस स्टैंड लाकर खड़ा कर दिया गया। इससे यात्रियों की यात्रा अधूरी रह गई। वैकल्पिक परिवहन साधनों की कमी के बीच निजी वाहन चालकों ने भी मजबूरी का फायदा उठाया। यात्रियों से सामान्य किराए की तुलना में दोगुना और तिगुना तक किराया वसूले जाने की शिकायतें सामने आईं।
श्यामतराई बाईपास में रोक दी बस
इस अव्यवस्था का शिकार जगदलपुर निवासी गोविंद कुमार भी हुए। उन्होंने रायपुर से जगदलपुर जाने के लिए बस का टिकट लिया था, लेकिन बस धमतरी के श्यामतराई बाईपास पर ही रोक दी गई। करीब आधे घंटे तक इंतजार कराने के बाद सभी यात्रियों को वापस धमतरी बस स्टैंड छोड़ दिया गया। गंतव्य तक पहुंचने की मजबूरी में कुछ यात्रियों ने निजी कार किराए पर ली और सामान्य किराए से दोगुनी रकम चुकाकर आगे का सफर पूरा किया। यात्रियों का आरोप है कि निजी वाहन चालकों ने भी उनकी मजबूरी का फायदा उठाते हुए मनमाना किराया वसूला।
पुरूर के पास उतारे गए यात्री
बालोद और धमतरी की ओर जाने वाले यात्रियों को पुरूर के पास ही उतार दिया गया। इसके बाद उन्हें धमतरी पहुंचने के लिए रिक्शा और अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ा। धमतरी-नगरी-बस्तर और रायपुर मार्ग पर भी बसों का संचालन प्रभावित रहा। कई यात्री घंटों तक वैकल्पिक साधनों की तलाश में भटकते रहे।
अचानक हुई हड़ताल ने एक बार फिर सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की कमजोरियों को उजागर कर दिया। यात्रियों का सवाल है कि टिकट लेकर सफर शुरू करने के बाद बीच रास्ते में उन्हें उतार देना कहां तक उचित है? हड़ताल के चलते यात्रियों को हुई परेशानी और निजी वाहनों की मनमानी किराया वसूली पर प्रशासन तथा परिवहन विभाग की भूमिका को लेकर भी नाराजगी देखी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *