14 दिसंबर से शुरू होगा छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र, चार दिन तक चलेगी सदन की कार्यवाही
रायपुर।
छत्तीसगढ़ की षष्ठम विधानसभा का ग्यारहवां सत्र 14 दिसंबर से शुरू होगा। विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार सत्र की शुरुआत सोमवार से होगी और यह गुरुवार, 17 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान सदन की कुल चार बैठकें आयोजित की जाएंगी। सत्र में वित्तीय कार्यों के साथ अन्य शासकीय कार्य भी संपादित किए जाएंगे।
विधानसभा सचिवालय की ओर से बुधवार, 12 नवंबर को जारी अधिसूचना में सत्र की तिथियों की औपचारिक घोषणा की गई है। दिसंबर में होने वाला यह सत्र राजनीतिक और विधायी दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चार दिवसीय सत्र के दौरान सरकार जहां वित्तीय कार्यों को सदन के पटल पर रखेगी, वहीं विभिन्न शासकीय विषयों पर भी चर्चा और कार्यवाही होगी।
सत्र के दौरान विपक्ष को भी सरकार को घेरने का मौका मिलेगा। प्रदेश से जुड़े जनहित के मुद्दों, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक कामकाज को लेकर सदन में सवाल उठने की संभावना है। हालांकि, अभी सत्र की विस्तृत कार्यसूची और प्रश्नकाल से संबंधित कार्यक्रम सामने नहीं आया है।
विधानसभा सचिव दिनेश शर्मा के हस्ताक्षर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया है कि 14 से 17 दिसंबर तक कुल चार बैठकें होंगी। अब सभी की नजरें सत्र की कार्यसूची और सदन में उठने वाले मुद्दों पर टिकी हैं।
