फर्जी पुलिस ने दुर्ग में महिला से सोने की चैन की ठगी, प्रकरण दर्ज, जांच जारी
दुर्ग ।
जिले में एक महिला से फर्जी पुलिस द्वारा ठगी करने का मामला सामने आया है। महिला से सोने की चूड़ियां और कुछ रकम लेकर फर्जी पुलिस कर्मी फरार हो गए। दुर्ग कोतवाली पुलिस ने शिकायत पर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के आपापुरा भोईपारा निवासी पीड़िता शीला जैन रोज की तरह रविवार सुबह दिगंबर जैन मंदिर पूजा-पाठ के लिए गई थीं। सुबह करीब 9 बजे जब वह मंदिर से लौट रही थी। इसी दौरान मंदिर की गली में बाइक सवार दो युवक पहुंचे और स्वयं को पुलिस बताते हुए कहा, रास्ते में थोड़ी दूर पर हत्या की घटना हो गई है, जिसके कारण जांच चल रही है। ऐसे में जो गहने पहने हुए हैं, उसे छुपा लीजिए। इस पर महिला ने तत्काल सोने की चार चूड़ियां हाथ से निकालीं और रुमाल में बांधने के बाद दोनों फर्जी पुलिस कर्मियों को सौंप दी। सोने की चूड़ियां लेने के बाद दोनों रफू चक्कर हो गए।
जब महिला को ठगी का अहसास हुआ तब वह देर शाम अपने परिजनों के साथ थाने पहुंची। रिपोर्ट में महिला ने बताया कि दोनों आरोपी सिर पर गमछा बंधे हुए थे तथा चेहरे पर मास्क पहने हुए थे। बाइक का नंबर MP 46 ZC लिखा हुुआ ही देख पाई। बाकी का नंबर डर की वजह से नहीं देख पाई।
