कारोबारी की हत्या का खुलासा: 5 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने कराया क्राइम सीन रीक्रिएशन

0
IMG-20250817-WA0268


धमतरी/नगरी।

नगरी थाना क्षेत्र में मछली कारोबारी की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए महज कुछ घंटों के भीतर 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में नगरी पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और त्वरित जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात ‘एमएम फिश’ के मछली कारोबारी पर गोरेगांव मार्ग पर धारदार हथियार से हमला कर निर्ममता से हत्या कर दी गई थी। घटना के समय कारोबारी वसूली कर वापस लौट रहा था। उसके साथ मौजूद दूसरा साथी हमलावरों से बचकर मौके से भाग निकला और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने कुछ ही घंटों में पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद सभी को गिरफ्तार कर लिया गया।
घटनास्थल पर कराया गया क्राइम सीन रीक्रिएशन
जांच को मजबूत करने के लिए पुलिस आरोपियों को गोरेगांव मार्ग स्थित घटनास्थल पर लेकर पहुंची, जहां पूरी वारदात का क्राइम सीन रीक्रिएशन कराया गया। इस दौरान पुलिस ने आरोपियों से घटना के क्रम, हमले के तरीके और घटनास्थल से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों की पुष्टि की।
हर पहलू से जांच जारी
पुलिस फिलहाल इस हत्याकांड की लूट, पुरानी रंजिश और अन्य संभावित कारणों सहित सभी पहलुओं से जांच कर रही है। मामले का विस्तृत खुलासा और हत्या के पीछे की असली वजह पुलिस की प्रस्तावित प्रेसवार्ता में सामने आने की संभावना है।
फिलहाल, पांचों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं और पूछताछ जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *